कल्याणपुर निवासी व्यवसायी को एप के जरिये शेयर स्टॉक में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 8.40 लाख रुपये पार कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। उन्होंने थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
नारामऊ रतन प्लेनेट निवासी हिमांशु गुप्ता ने पुलिस को बताया कि बीते 26 अगस्त को आर-सेवन-एट-नाइन मार्केट विजन नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। जिसमें लोग निवेश करने पर बेहतर रिटर्न मिलने की आपस में बात कर रहे थे। कुछ दिन बाद रिया कपूर नाम की लड़की ने कॉल कर खुद को अप-स्टॉक्स की पितृ संस्था अप्रिक्स से बताया। शेयर स्टॉक में निवेश पर बेहतर रिटर्न का झांसा दिया।
इसपर डीमैट अकाउंट खोला साथ ही प्ले स्टोर से अप्रिस एप डाउनलोड किया। इसके माध्यम से शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश किए। 24 घंटे में 600 रुपये रिटर्न मिल गया। इसके बाद उन्होंने कई बार में 8.40 लाख रुपये निवेश कर दिए। रुपये निकलाने की कोशिश की तो और रुपयों की डिमांड की गई। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।