पीड़ित युवती मंगेतर के साथ पटना जा रही थी
दिल्ली के आनंदविहार रेलवे स्टेशन से अगरतला के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस (20502) के एच-वन कूपे में स्विटजरलैंड की युवती अपने भारतीय मूल के मंगेतर के साथ पटना जा रही थी। ट्रेन में आरपीएफ कानपुर सेंट्रल थाने पर तैनात सिपाही जितेंद्र सिंह एस्कॉर्ट टीम में था।
सिपाही ने टॉयलेट में खींचा, फिर सेल्फी भी ली
बुधवार की रात करीब सवा दस बजे हाथरस के पास युवती टॉयलेट गई, तो उसके पीछे सिपाही जितेंद्र भी गया। महिला टॉयलेट से जैसे ही बाहर निकली, तो आरोपी सिपाही ने उसे पकड़कर अंदर की ओर खींचा और मोबाइल से सेल्फी भी ली। महिला के चिल्लाने पर सिपाही विदेशी महिला को छोड़कर आगे निकल गया।
आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
महिला के मंगेतर ने कंट्रोल के जरिए अफसरों को सूचना दी। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन प्लेटफार्म नंबर पांच पर आधी रात के बाद आई, तो सिपाही को जीआरपी ने हिरासत में ले लिया। महिला की तहरीर पर उसे गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी सिपाही को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
फिरोजाबाद का रहने वाला है आरोपी सिपाही
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पिछले एक साल से सिपाही थाने में तैनात था। यह मूल रूप से फिरोजाबाद जिले का रहने वाला है। एक साल पहले यह कानपुर सेंट्रल पर सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ ऑफिस में तैनात था।
आरपीएफ का सुरक्षा दस्ता हुआ है बदनाम
पिछले छह सालों से नौकरी कर रहा है। इसकी ड्यूटी अलग अलग ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए बने एस्कॉर्ट में लगती थी। यह पहली घटना है, जिसमें इसने इस हरकत से आरपीएफ के सुरक्षा दस्ते को बदनाम करने का काम किया है।
तेजस एक्सप्रेस में छेड़छाड़ की घटना शर्मनाक है। आरोपी आरपीएफ सिपाही को गिरफ्तार हो गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए जांच शुरू हुई है। घटना के चंद घंटों में ही आरोपी को निलंबित किया गया है। -अमित सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल, एनसीआर