कानपुर। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में मंगलवार को रोवर्स, ग्रेजुएट, वंडर्स, कानपुर इग्लेट क्लब और चित्रा क्रिकेट अकादमी ने अपने-अपने मैच जीते। सभी मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेले गए।
किदवईनगर स्थित साउथ-ए मैदान पर हुए पहले मैच में रोवर्स क्लब ने 40 ओवर में आठ विकेट पर 252 रन बनाए। टीम से आदेश और घनश्याम ने 62-62 रन बनाए। गेंदबाजी में जुबैन ने तीन, शिवेंद्र ने दो, अभिषेक व आदित्य ने एक-एक विकेट लिया। ओलंपिक रजिस्टर्ड की टीम 32.4 ओवर में 164 रन पर सिमट गई। टीम से राधेश्याम ने 34 व शिवेंद्र ने 30 रन बनाए तो गेंदबाजी में सत्यम व युवराज ने तीन-तीन, फैज अहमद ने दो विकेट लिए। रोवर्स क्लब ने 88 रन से जीत हासिल की।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर हुए दूसरे मैच में ग्रेजुएट क्लब ने 38 ओवर में नौ विकेट पर 215 रन बनाए। टीम से अनमोल यादव ने 55, युवराज यादव ने 39, हेमंत ने 32 रन बनाए। गेंदबाजी में ऋषि, देवेश व शौर्य ने दो-दो विकेट लिए। वहीं आदर्श क्लब की टीम 35.1 ओवर में 191 रन पर आउट हो गई। टीम से सत्येंद्र ने 74 रन बनाए तो गेंदबाजी में बिलाल फिरोज ने तीन, आदर्श व शिवम ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। ग्रेजुएट क्लब ने 24 रन से मैच जीता।
जाजमऊ स्थित जेम्स मैदान पर खेले गए तीसरे मैच में वंडर्स क्लब ने 35 ओवर में नौ विकेट पर 188 रन बनाए। टीम से शाहुल यादव ने 55 रन बनाए तो गेंदबाजी में देवेंद्र ने तीन, आलोक व त्रिभुवन ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं भारत क्रिकेट क्लब की टीम 31.1 ओवर में 170 रन ही बना सकी। टीम से त्रिभुवन ने 57 रन बनाए तो गेंदबाजी में सूरज ने तीन, राही प्रातप व रंजीत ने दो-दो विकेट लिए। वंडर्स क्लब ने 18 रन से जीत दर्ज की।
कल्याणपुर स्थित गीता देवी क्रिकेट मैदान पर हुए चौथे मैच में कानपुर इग्लेट क्लब ने 191 रन बनाए। टीम से सत्य प्रकाश ने 47 और उत्कर्ष ने 43 रन बनाए। गेंदबाजी में आरिफ खान, निशांत, सुदीप ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। वहीं कैंट लायंस क्लब की पूरी टीम 29.2 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। टीम से मानिक ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, तो गेंदबाजी में मो. रजा ने चार, रंजीत ने दो विकेट लिए। कानपुर इग्लेट क्लब ने यह मैच 82 रन से जीत लिया।
पनकी के रामलखन भट्ट मैदान पर खेले गए पांचवें मैच में किंग्स क्लब ने 23.4 ओवर में 101 रन बनाए। टीम से पवन ने सर्वाधिक 23 रन बनाए तो गेंदबाजी में माही ने तीन, आरके आनंद, अमित व अशोक ने दो-दो विकेट लिए। वहीं चित्रा क्रिकेट अकादमी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14.5 ओवर में दो विकेट पर 102 रन बनाकर आठ विकेट से जीत दर्ज की। टीम से मयंक ने 55 रन बनाए तो गेंदबाजी में शिवम व प्रद्युम्न ने एक-एक विकेट लिया।