इसी निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का छज्जा गिरा था, इनसेट में घायल
यूपी के औरैया अजीतमल में निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का छज्जा गिरने से दो की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो को मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है। गेस्ट हाउस का निर्माण मनमानी तरीके से कराया जा रहा था। एसडीएम ने निर्माण कार्य में लापरवाही पर जांच के आदेश दिए गए हैं।
अजीतमल क्षेत्र के गांव मुडै़ना रूपशाह निवासी सोनेलाल दोहरे मध्य प्रदेश के खंडवा में डीएफओ हैं। वह मुड़ैना स्थित अपनी पैतृक जमीन पर गेस्ट हाउस बनवा रहे हैं। तीसरी मंजिल पर एक कमरा बन चुका है। इन दिनों पूरे गेस्ट हाउस का प्लास्टर हो रहा है। इसका ठेका गांव के ही मिस्त्री छोटेलाल (पूर्व प्रधान) ने लिया है। गुरुवार को गेस्ट हाउस के पहली मंजिल के छज्जे पर दो कारीगर और तीन मजदूर प्लास्टर कार्य में लगे थे। अचानक छज्जा रेलिंग सहित भरभराकर टूट गया। मलबे में दबने से शहाब्दा निवासी मजदूर जगदीश नारायण (55) की मौके पर ही मौत हो गई। नवले का पुर्वा निवासी मिस्त्री गुड्डन उर्फ अनीस कुमार (35), मुडै़ना रूपशाह निवासी छोटेलाल (60), वीरेंद्र कठेरिया (35) व लालसिंह (35) घायल हो गए। नि सबको सीएचसी पहुंचाया गया। वहां मिस्त्री गुड्डन ने भी दम तोड़ दिया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने छोटेलाल व वीरेंद्र को सैफई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाते ही एसपी संजीव त्यागी, सीओ लालता प्रसाद व कोतवाल जितेंद्र मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद जांच के आदेश
उपजिलाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। तहसीलदार को भी मौके पर भेजा हैै। निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप नहीं होने की शिकायत मिली है। गेस्ट हाउस बनाने के लिए नक्शा नहीं तैयार किया गया और न ही अनुमति ली गई। इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।