जेवर, राइफल और नकदी लूटने का आरोप
इटावा इकदिल थाने में कार्यरत रहे थानाध्यक्ष, क्राइम ब्रांच प्रभारी समेत 15-20 पुलिस कर्मियों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश पर यह रिपोर्ट शुक्रवार को इकदिल थाने में लिखी गई। आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट करने के साथ ही जेवर, नकदी, राइफल व अन्य सामान लूटा था। विरोध पर परिवार के एक सदस्य को गिरफ्तार भी किया था। तत्कालीन थानाध्यक्ष वर्तमान में बकेवर में इसी पद पर तैनात हैं।
थानाध्यक्ष समेत पुलिस कर्मियों के खिलाफ इटावा कांकरपुरा गांव के आशीष कुमार पुत्र संजीव कुमार ने कोर्ट में गुहार लगाई थी। आरोप के मुताबिक 25 सितंबर 2016 को आशीष कुमार अपने परिवार के साथ घर पर थे। रात करीब 11 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। उन्होंने बदमाश समझकर यूपी 100 पर सूचना दे दी। लगातार खटखटाए जाने पर उन्होंने दरवाजा खोल दिया। तब तत्कालीन इकदिल थाना प्रभारी आलोक राय, क्राइम ब्रांच प्रभारी के अलावा 15-20 पुलिस कर्मी घर में घुस गए। पुलिस ने घर में तोड़फोड़ की।
अलमारी का ताला तोड़ दिया। उसमें रखी पिता की लाइसेंसी राइफल, 24 हजार रुपये नकद, जंजीर, हार, अंगूठी आदि लूट लिए। घर में रखा बिजली का तार, इंसूलेटर आदि भी उठा ले गए। मां, दादी व चाचा ने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें पीटा। उसके चाचा मधुर को उठा ले गए और पुलिस मुठभेड़ का मामला दर्ज कर मधुर को जेल भेज दिया।
आशीष के अनुसार उन्होंने इस संबंध में थाने और फिर एसएसपी से शिकायत की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस वजह से कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद इकदिल थाने में रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया। शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।