श्री हनुमान मंदिर में चोरी के बाद आक्रोशित ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज में जलालाबाद कस्बे के प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में गुरुवार रात असलहाधारी बदमाशों ने लूटपाट की। पुजारी को असलहों की बटों से पीटकर घायल कर दिया। दानपात्र तोड़कर करीब 20 हजार की नगदी व चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। पुजारी के हाथ पैर बांध मंदिर के अंदर डाल दिया। सुबह पूजा करने पहुंचे भक्तों ने पुजारी के हाथ पैर खोले। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी।
कस्बे में जीटी रोड किनारे प्राचीन हनुमान मंदिर है। गुरुवार की रात 10 बजे मंदिर में आरती करने व भक्तों के जाने के बाद पुजारी राकेश वर्मा मंदिर बंदकर अंदर सो गए। पुजारी के मुताबिक रात करीब 12 बजे पांच असलाहधारी बदमाश पीछे के गेट से अंदर घुस आए। मारपीट कर पुजारी की शर्ट पैंट से हाथ पैर बांध दिए और मंदिर की चाबियां मांगने लगे। देने से इनकार करने पर बदमाशों ने लोहे की रॉड सिर पर मार दी।