उप्र-मप्र सीमा में आतंक का पर्याय बना छह लाख का इनामी डकैत बबुली कोल गिरोह ने पाठा से खोया व्यापारी का अपहरण कर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। डकैताें ने 50 लाख की फिरौती मांगी है। साथ ही चेतावनी दी है कि पुलिस बीच में आई तो अपहृत का शव ही जंगल में मिलेगा। इसके बाद पुलिस टीम भी फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है। खोया व्यापारी के भाई ने तीसरे दिन मानिकपुर थाने में गैंग सरगना के दाहिने हाथ लवलेश कोल व अन्य साथियों के खिलाफ फिरौती के लिए अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शनिवार मानिकपुर शास्त्री नगर निवासी भोला प्रसाद पांडेय ने थाने में दी तहरीर में बताया कि भाई बृजमोहन प्रसाद पांडेय पुत्र स्व. अवध किशोर पांडेय निही गांव के मजरा बरहा में रहते हैं। 15 अगस्त की रात को डाकू बबुली कोल गिरोह के सशस्त्र बदमाशों ने घर में धावा बोल कर अपहरण कर लिया।
अपहृत के पास है 100 बीघा भूमि, परिजन शोकाकुल
अपहृत की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
साथ में उनका व पत्नी ब्रजरानी का मोबाइल भी ले गए और घर का बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। अकेली होने के चलते पत्नी किसी को आवाज नहीं लगा सकी। सवेरे छत में चढ़कर किसी ग्रामीण से आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया।
इसके बाद बगदरी गांव स्थित मकान में आकर घटना की जानकारी दी। बताया कि दूसरे भाई भरत प्रसाद पांडेय के मोबाइल पर दस्यु गिरोह ने दो दिन में 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। पुलिस को बताने व फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने पुलिस से डकैतों के चंगुल से अपहृत भाई बृजमोहन को सकुशल मुक्त कराने की मांग की है।
डकैत बबुली, लवलेश के खिलाफ दी तहरीर
अपहृत का सूना पड़ा घर
- फोटो : अमर उजाला
अपहृत बृजमोहन के पास करीब सौ बीघे जमीन है। जिसकी देखरेख को वह निही गांव के डेरा में रहते हैं। इसके अलावा वह खोया का व्यवसाय करते हैं। स्वतंत्रता दिवस की देर शाम अपहरण होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। किसान/व्यवसायी के अपहरण के बाद डकैतों द्वारा मांगी गई बड़ी रकम से परिजनों को खासी चिंता सता रही है।
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि घटना के बाद से पुलिस पाठा के जंगलों में लगातार खाोजबीन में जुटी है। दो दिन बीतने के बाद भी कुछ सुराग न लगने से परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। उधर अपहरण वाले गांव के घर में ताला बंद हो गया है। पूरे पुरवा में सन्नाटा पसरा है।
खोया व्यापारी के अपहरण के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। दस्यु गिरोह के सुराग को लगातार बीहड़ो में पुलिस का जाल बिछा है। अपहृत के घर मे पुलिस व क्षेत्रीय लोगों के ढांढस बंधाने का सिलसिला जारी है। अपहृत के भाई ने छह लाख के इनामी डकैत बबुली कोल और ढाई लाख के इनामी लवलेश कोल गिरोह के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।