फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक में घुसे बदमाश लॉकर तोड़ने का प्रयास, आठ लाख रुपये चोरी होने से बचे, सीसीटीवी कैमरे तोड़े

Thu, 12 Dec 2019 10:07 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद
विज्ञापन
पुलिस ने बैंक मैनेजर से की पूछताछ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फर्रुखाबाद में कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रुदायन स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में बदमाश नकब लगाकर घुस गए। बदमाशों ने लॉकर तोड़ने का प्रयास किया। लॉकर न टूटने से बैंक से चोरी होने से बच गई। लॉकर में करीब आठ लाख रुपये रखे थे। सुबह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
विज्ञापन


गांव रुदायन में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा है। उसके पीछे डॉ. अनिल सक्सेना की क्लीनिक है। बैंक की सुरक्षा में दो होमगार्ड की रात को ड्यूटी रहती है। होमगार्ड अनिल सक्सेना के क्लीनिक वाले परिसर में सो रहे थे। तभी रात को बदमाश क्लीनिक परिसर में दीवार फांदकर घुस गए। बैंक की दीवार में नकब लगाकर बदमाश लॉकर रूम में प्रवेश कर गए।

 

इसके बाद बदमाशों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। बदमाशों ने वहां लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया। पर बदमाश लॉकर नहीं तोड़ सके। इससे उसमें रखे करीब आठ लाख रुपये चोरी होने से बच गए। सुबह दस बजे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गांव सिकंदरपुर खास निवासी सुनील चतुर्वेदी बैंक पहुंचे। मेनगेट खोलकर वह अंदर गए। बैंक की सफाई की। इसके बाद लॉकर रूम खोला तो उसके अंदर का नजारा देखकर दंग रह गया।

लॉकर रूम में बने शौचालय की दीवार में ऊपर की ओर नकब लगा था। ईंटें फर्श पर पड़ी थीं। लॉकर रूम में रखी अलमारी खुली पड़ी थी। पर सभी सामान सुरक्षित था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सहायक प्रबंधक कुलदीप सिंह को दी। इसके बाद कुलदीप सिंह, बैंक कैशियर रवित यादव व अन्य कर्मचारी पहुंच गए। शाखा प्रबंधक फतेह सिंह आर्या अवकाश पर थे।

 
विज्ञापन

कुलदीप की सूचना पर एसओ कंपिल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की तो वहां लॉकर के पास एक अंगौछा पड़ा मिला। उसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोपहर को फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम ने वहां से कुछ नमूने लिए। डॉग स्क्वायड ने भी छानबीन की। पर कुछ हाथ नहीं आया। एसओ ने रात को ड्यूटी कर रहे होमगार्ड को तलब किया और उनको फटकार लगाई।

होमगार्ड ने कहा कि उनकी ड्यूटी रात आठ से सुबह चार बजे तक थी। चार बजे वह यहां से चले गए थे। उसके बाद ही यह घटना हुई होगी। सहायक प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि लॉकर में करीब आठ लाख रुपये रखे थे। रुपये व बैंक का अन्य सामान सुरक्षित है। पुलिस ने सहायक प्रबंधक कुलदीप सिंह की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

पांच साल में तीसरी घटना 
गांव रुदायन स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक बदमाशों के निशाने पर कई सालों से है। पांच साल में तीन बार चोरी का प्रयास हो चुका है। इससे पहले कई साल पूर्व बदमाश वहां से करीब 18 लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। पिछले दो वर्ष से बैंक की सुरक्षा में वहां पर होमगार्ड की ड्यूटी लगा दी गई है। बुधवार रात भी होमगार्ड वहां तैनात थे। इसके बाद भी बदमाश नकब लगाकर बैंक में घुस गए और होमगार्ड को इसकी भनक तक नहीं लगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें