चकरी में मृतक संतोष कुमार झा की फाइल फोटोमृतक संतोष कुमार झा की फाइल फोटो
- फोटो : स्रोत : परिजन
कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र में नौ दिन पहले बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रहे अकाउंटेंट को लूटपाट के दौरान सिर पर वार कर घायल कर दिया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान अकाउंटेंट ने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि सूचना के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। वहीं, पुलिस हादसे में मौत की बात कह रही है।
जाजमऊ के पोखरपुर निवासी संतोष कुमार झा (45) एक सीए के पास अकाउंटेंट थे। परिजनों के अनुसार नौ मई को वह ऑफिस से रात में घर लौट रहे थे। अभी वह चंद्रनगर चरारी के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार चार पांच अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि लुटेरों ने उनके पास रखे 25 हजार रुपये, अंगूठी और गले की चेन लूट ली। इस दौरान लुटेरों ने उनके सिर पर किसी भारी चीज से वार कर घायल कर दिया और मौके से भाग निकले।
देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने फोन किया। एक अज्ञात व्यक्ति ने सड़क किनारे बेहोशी हालत में पड़े होने की जानकारी दी। इस पर वह लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल ले गए। हालत लगातार बिगड़ने पर परिजनों ने संतोष को काकादेव स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां शनिवार को उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर चकेरी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मोटरसाइकिल से टक्कर हुई थी, जिसमें संतोष गंभीर रूप से घायल हुए थे। लूट का आरोप निराधार है। वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी की पुष्टि हुई है।
....
खुद जुटाने पड़ रहे सीसीटीवी फुटेज
परिजनों का आरोप है कि दुस्साहसिक घटना के दूसरे दिन थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब वह लोग खुद ही दौड़ भागकर घटनास्थल के आसपास के लोगों से विनती कर सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर रहे हैं।