सैफई। वैदपुरा थाना क्षेत्र के अधियापुरा गांव के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मैनपुरी जा रही रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय प्राइवेट बस चालक ने कट मार दिया। जिससे रोडवेज बस आलू के खेत में जा घुसी। घटना में सभी 40 सवारियों को मामूली चोटें आईं, लेकिन बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा बच गया।
मैनपुरी डिपो की बस सुबह साढ़े दस बजे इटावा बस स्टैंड से 40 सवारी लेकर मैनपुरी की ओर जा रही थी। अधियापुरा गांव के पास प्राइवेट बस ने ओवरटेक करते समय रोडवेज बस में कट मार दिया। टक्कर से रोडवेज बस सड़क से करीब 300 मीटर दूर खेत में जा पहुंची। सवारियां झटके से एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं और हल्की चोटें आईं।
रोडवेज बस चालक अफरीक ने बताया कि वह परिचालक विकास के साथ रवाना हुए थे। प्राइवेट बस चालक ने लापरवाही से कट मारा, जिससे बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वह नियंत्रण खो बैठा। लेकिन सूझबूझ से उसने बस को खेत में उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी 40 सवारियों को सुरक्षित निकाला गया और दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस ने प्राइवेट बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।