राठ-हमीरपुर मार्ग पर बिहूनी गांव के पास रविवार तड़के साइड के चक्कर में डंपर ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। टक्कर से बस पलटते बची लेकिन आगे के शीशे चकनाचूर हो गए। हालांकि हादसे में बस सवार करीब दो दर्जन यात्री बाल-बाल बचे। हादसे के बाद करीब एक घंटे जाम लगा रहा।
रविवार सुबह करीब पांच बजे राठ डिपो की रोडवेज बस लखनऊ के लिए चली। बस जैसे ही बिहूनी गांव के पास पहुंची तभी सड़क संकरी होने से सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस को साइड कम दी। जिससे दोनों में भिड़ंत हो गई और बस के अगले हिस्से के शीशे चकनाचूर हो गए।
बस सवार करीब एक दर्जन से अधिक यात्रियों में अफरा तरफी मच गई। इसके बाद दोनों वाहनों के खड़े हो जाने से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। जिससे दर्जनों वाहन फंसे रहे। बस चालक ने हादसे की सूचना एआरएम को दी। एआरएम राजकुमार ने बताया कि नुकसान की भरपाई डंपर चालक ने दे दी है। क्षतिग्रस्त बस को डिपो में खड़ी कर दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया है।