कानपुर के ग्रीनपार्क में 10 सितंबर से होने वाली रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पहला मैच भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होना है। बुक माई शो पर पहले दिन के मैच के लिए 300 रुपये वाले सभी करीब 1200 टिकट बुक हो गए। इसके अलावा अन्य टिकट भी बुक हुए हैं।
ग्रीनपार्क में तैयारियों तेजी से चल रही हैं। सोमवार को घास काटने का काम शुरू हो गया है। कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। कुल 70 कैमरे लगने हैं। वहीं, मंगलवार से बैरिकेडिंग लगनी शुरू हो जाएगी। वहीं, खिलाड़ियों के आने-जाने वाले मार्ग पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
ग्रीनपार्क की चार व पांच नंबर पिच पर होंगे मैच
ग्रीनपार्क में दस से 15 सितंबर तक होने वाली रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मैच चार और पांच नंबर पिच पर खेले जाएंगे। 10 सितंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला मैच पिच नंबर पांच पर होगा। आखिरी के मैच पिच नंबर चार पर होंगे। वहीं, अभ्यास के लिए दो व तीन नंबर पिच तैयार कर ली गई है। ग्रीनपार्क के पिच क्यूरेटर भूपेंद्र सिंह व शिव कुमार मैदान तैयार कर रहे हैं। सोमवार को पिच की डेड घास निकालने के बाद पानी लगाया गया। इसके अलावा बाउंड्री पर काम किया जा रहा है। पिच क्यूरेटरों की मानें तो टीमें आठ से अभ्यास शुरू कर देंगी।
आज पहुंचेगी बांग्लादेश की टीम
सीरीज को लेकर बांग्लादेश की टीम मंगलवार को कानपुर आ जाएगी। शाम करीब पांच बजे टीम के खिलाड़ी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से बस द्वारा कानपुर लाया जाएगा। विजय विला होटल में खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। टीम दो टुकड़ों में शहर पहुंचेगी। कुछ खिलाड़ी बुधवार को पहुंचेंगे। कोरोना को देखते हुए खिलाड़ी बायो बबल घेरे में रखे जाएंगे। होटलों के कमरों को सैनिटाइज कर लॉक कर दिया गया है। होटल के कर्मचारियों को भी कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करना होगा। वहीं, एलआईयू की टीम ने ग्रीनपार्क से लेकर होटलों तक का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी है।