हाईकोर्ट के फैसले से नाराज शिक्षामित्रों ने गुरुवार देर शाम फूलबाग गांधी प्रतिमा से परेड चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला। पुलिस की घेराबंदी में निकले इस जुलूस की वजह से मालरोड से लेकर परेड चौराहे तक जाम लग गया। मार्च समाप्त होने के बाद ही ट्रैफिक सामान्य हो सका।
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन व प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले जिलाध्यक्ष दुष्यंत यादव के नेतृत्व में देर शाम हजारों शिक्षामित्र फूलबाग गांधी प्रतिमा पर एकजुट हुए। इसके बाद सभी एक साथ कैंडल लेकर नारेबाजी करते सड़क पर उतरे तो फूलबाग से लेकर परेड चौराहे तक यातायात ठहर गया।
पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों की घेराबंदी में इनका जुलूस बड़ा चौराहा होते हुए परेड चौराहे पर पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे ।