जसवापुर गांव के पास सड़क किनारे बैठा अजगर।
- फोटो : AKBARPUR
सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। गजनेर-रायपुर मार्ग के जसवापुर गांव के पास गुरुवार की दोपहर सड़क किनारे तीन अजगर निकले। यह देखकर राहगीरों की भीड़ लग गई। वाहन सवार उतर कर अजगर देखने लगे। इससे यातायात ठप हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हटवा कर जाम खुलवाया और वन विभाग की टीम बुलाकर तीनों अजगर पकड़वाए।
जसवापुर गांव के पास नोन नदी के पुल के किनारे एक गड्ढे में अजगर बैठे दिखे। यह देखकर सड़क से निकल रहे राहगीर रुकने लगे। थोड़ी ही देर में बाइक, कार व अन्य वाहनों की लाइन लग गई। लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सड़क पर जाम लगने लगा। सूचना पर इंस्पेक्टर आलोक कुमार पुलिस बल लेकर पहुंचे। पुलिस ने वाहनों को हटवा कर यातायात सुचारु करवाया। साथ ही वन विभाग की टीम को बुलाया। वन विभाग की टीम ने मौके से 10 से 12 फीट लंबे तीन अजगर पकड़े। करीब दो घंटे तक सड़क में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हर कोई अजगर देखने के लिए रुकता रहा। पुलिस भीड़ हटाने के लिए मशक्कत करती रही।
उप क्षेत्रीय वन क्षेत्राधिकारी अधिकारी अमित कटियार ने बताया कि तीनों अजगर सड़क किनारे से पकड़ लिए गए हैं। उन्हें गौरियापुर के पास जंगल में छोड़ा जाएगा। सड़क के आसपास रहने से उनके जीवन पर खतरा था। इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि अजगर देखने के लिए लोग रुक रहे थे। इससे जाम लग रहा था।