आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र की हवाई पट्टी पर घने कोहरे में सोमवार रात 3:30 बजे तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। किसी वाहन की टक्कर लगने से कार अनियंत्रित हो गई। आगे का दाहिना टायर फटने के बाद डिवाइडर से टकराकर कार 500 मीटर तक कई बार पलटती हुई चली गई। हादसे में गाजियाबाद के उद्यमी व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उनके भतीजे सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
गाजियाबाद के ए-1102 वीआईपी एड्रेस राजनगर एक्सटेंशन निवासी अशोक अग्रवाल (55) की गाजियाबाद में नमक की फैक्टरी है। वह सुभासपा के व्यापार सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होने के साथ ही न्यूज टीवी 27 चैनल के सीईओ भी थे। अशोक सोमवार शाम 4:30 बजे भतीजे दिल्ली के गोविंदपुर निवासी अभिनव अग्रवाल (20) पुत्र सतीश अग्रवाल, चैनल के डिप्टी सीईओ आकाश गुप्ता (32) पुत्र विनोद और लोकजनशक्ति पार्टी के दिल्ली के महासचिव व चैनल के एसोसिएट डायरेक्टर कानपुर के थाना चकेरी संजीव नगर मोहल्ला निवासी अवनेश उर्फ अवनीश गुप्ता (29) पुत्र रामकुमार के साथ फॉरच्यूनर कार से लखनऊ के लिए निकले थे। कार अभिनव चला रहे थे।