कानपुर वीआईपी रोड पर रविवार देर रात बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार ने पावर हाउस के पास एक स्कूटी और एक बाइक में टक्कर मार दी। बाइक व स्कूटी सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए जिन्हें हैलट में भर्ती कराया गया है। नशेबाज कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्लागंज निवासी राजेंद्र रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अपनी पत्नी रेखा, बेटी नैंसी, प्रियांशी, वैशाली व बेटे ललित के साथ विष्णुपुरी निवासी चचेरे भाई दुर्गा के घर से लौट रहे थे। बाइक राजेंद्र चला रहे थे और उस पर रेखा व नैंसी बैठीं थीं। ललित की स्कूटी पर प्रियांशी व वैशाली बैठी थीं। पावर हाउस चौराहे पर सामने से अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी।
राजेंद्र और ललित सही दिशा में जा रहे थे जबकि कार चालक ने उल्टी दिशा में आकर सामने से टक्कर मारी। राहगीरों ने बताया कि करीब दो सौ मीटर पहले से ही कार अनियंत्रित होकर सड़क में दौड़ रही थी। राहगीरों की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने सभी को हैलट पहुंचाया। राजेंद्र की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद कार चालक भागने की कोशिश में था पर लोगों ने पकड़ कर उसको पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पता चला कि चालक का नाम शुभांकर सिंह है और वह लखनऊ का रहने वाला है। कार नंबर (यूपी 32 ईडब्ल्यू 4522) संजय यादव के नाम से आरटीओ में रजिस्टर्ड है। बाइक चला रहे राजेंद्र और स्कूटी चला रहे उनके बेटे ललित हेलमेट नहीं लगाए थे।
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। कार से बीयर, सोडा, सिगरेट और ताश की गड्डी मिली है। इंस्पेक्टर रमेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक चालक शुभांकर सिंह नशे में धुत है। वह सही से अपना पता तक नहीं बता पा रहा है।