कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कस्बे में खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे पिता-पुत्र को ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। रिश्तेदार गंभीर घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को लोडर में रखने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण लोडर के आगे बैठ गए।
करीब एक घंटे बाद पुलिस दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। कोतवाली इलाके के गांव लखइयामऊ निवासी जय वीर(35) की कटकैया गांव के निकट टेंट की दुकान है। शनिवार को वह बेटे माधव(8) के साथ गुरसहायगंज बाजार में खरीदारी करने आए थे।
यहां ससुर छोटेलाल (निवासी रसूलाबाद, कानपुर देहात) मिल गए थे। इन्हें भी बाइक पर बैठाकर तीनों गांव लौट रहे थे। रामगंज रोड पर पीडब्ल्यूडी बंगला के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्र के सिर कुचल गए।
दोनों ने दम तोड़ दिया। ट्रक की टक्कर से दूर गिरे छोटेलाल गंभीर घायल हैं। घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाल टीपी वर्मा भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर लोडर से पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो परिजन और अन्य मौजूद जानने वाले लोग नाराज हो उठे।