फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरदोई: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड की मौत, साथी घायल

Wed, 22 Apr 2020 01:26 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
विज्ञापन
मृतक की फाइल फोटो व घायल होमगार्ड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरदोई जिले में ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार दो होमगार्ड्स को बोलेरो ने टक्कर मार दी। घटना में एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़ कर फरार हो गया। 

विज्ञापन


सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सुगवां निवासी रामशरण कुशवाहा (48) पुत्र लिक्खा और ग्राम चैनूपुरवा निवासी सुरेश (48) पुत्र टेमन सांडी कंपनी में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। दोनों को ही इन दिनों देहात कोतवाली में ड्यूटी मिली हुई थी। बुधवार को देहात कोतवाली से दोनों होमगार्ड्स को ड्यूटी पर गुलामऊ स्थित बैंक आफ इंडिया भेजा गया था।

एक ही बाइक पर सवार होकर दोनों होमगार्ड बुधवार को गुलामऊ जा रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग से जैसे ही दोनों गुलामऊ जाने के लिए संपर्क मार्ग पर मुड़े वैसे ही गुलामऊ की तरफ से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामशरण का हेलमेट भी टूट गया। मौके पर ही रामशरण की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सुरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी पर होमगार्ड के जिला कमांडेंट राघवेंद्र शुक्ला जिला अस्पताल पहुंचे और यहां भर्ती सुरेश से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। इस दौरान मोर्चरी में मृतक रामशरण कुशवाहा के परिजन भी पहुंच गए। जिला कमांडेंट ने मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए हर संभव मदद किए जाने की बात कही। देहात कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि संबंधित बोलेरो पकड़ ली गई है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।


दिलाई जाएगी सहायता 
होमगार्ड के जिला कमांडेंट ने बताया कि मृतक होमगार्ड को कल्याण कोष अथवा दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत तीन से पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। इसके अलावा एक पात्र आश्रित को होमगार्ड की नौकरी भी दी जाएगी। मृतक के परिवार में पांच विवाहित पुत्र हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें