चित्रकूट जिले के भरतकूप क्षेत्र के फतेहगंज मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार चचेरे भाईयों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर समेत चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। फतेहगंज थाना क्षेत्र के कारीडॉंडी निवासी चचेरे भाई शैलेंद्र (6) पुत्र विनोद और मोहित (10) पुत्र बाबूराम शुक्रवार शाम को कस्बे से मेला देखकर साइकिल से घर आ रहे थे।
तभी रास्ते में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई साइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना देकर बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और ट्रैक्टर समेत चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शनिवार की सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शैलेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पिता ने बताया कि शैलेंद्र चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह एलकेजी में पढ़ता था। घटना के बाद से मां रामादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राजगीर मिस्त्री हैं।