मौके पर मौजूद पुलिस व क्षेत्रीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में अजीतमल क्षेत्र के ग्राम बरुआई से गेहूं लादकर बाबरपुर आ रही एक मैजिक लोडर मंडी समिति गेट से कुछ पहले अचानक अनियंत्रित हो गई। जिससे इटावा जनपद के ब्लॉक महेवा कार्यालय में कार्यरत साइकिल से डयूटी पर जा रहे अश्विनी (55) वर्ष पुत्र रामभरोसे चपेट आ गए।
साइकिल सवार को रौंदते हुए लोडर पलट गया। अश्विनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लोडर में बैठे चालक सहित तीन अन्य लोग दब गए। राहगीरों ने दबे हुये लोगो को निकाला। चालक भाग जाने में सफल हो गया।
वहीं घायलों को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया। जहां से दीपक व सतेंद्र को रेफर कर दिया गया है। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। साथ ही विभागीय अधिकारियों के आने की मांग की।
मौके पर पहुंचे सीओ कमलेश नारायण पांडेय, कोतवाली निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।