बिल्हौर। कोतवाली क्षेत्र के अरौल कस्बे में एक ट्रक में बाइक सवार तीन लोग पीछे से जा भिड़े। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी के डाक्टरों ने कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया है।
गुरुवार की सुबह करीब छह बजे कन्नौज की ओर जा रहे ट्रक के पीछे एक बाइक पर सवार तीन लोग जा घुसे। इंसपेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि बाइक तेज रफ्तार होने के कारण मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोग घायल हो गए जबकि बाइक काफी दूर तक फंसी चली गई। दुर्घटना में काजीगंज हसौली गांव निवासी 55 वर्षीय महेश कटियार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सरैया दस्तम खान गांव निवासी विजय और बलदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को सीएचसी बिल्हौर भेजा, जहां डाक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों को कानपुर हैलट रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस पूछताछ में किसी भी बाइक सवार को हेलमेट पहने नहीं देखा। वहीं दुर्घटना की सूचना पर सीएचसी पहुंचे मृतक और घायलों के परिजनों ने एक डाक्टर और चिकित्सकीय स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए आलाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।