कानपुर। कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) में बुधवार को हुए पहले मैच में टीएसएच ब्लास्टर्स आर्यनगर को आरएलएल गंगा बिठूर ने 73 रनों से शिकस्त दी। आरएलएल गंगा बिठूर की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए। वहीं, टीएसएच ब्लास्टर्स आर्यनगर की पूरी टीम 18.5 ओवर में मात्र 108 रनों पर आलआउट हो गई। शुभम चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी आरएलएल गंगा की टीम को पहला झटका 5.5 ओवर में टीएसएच ब्लास्टर्स के सतनाम सिंह ने राहुल सिंह (21 रन) को मुकुल यादव के हाथों कैच कराकर दिया। इसके बाद ओपनर शुभम चौधरी और अमन यादव ने संयम से खेलते हुए टीम के स्कोर को 80 तक पहुंचाया।
इसी बीच अमन को 22 रन पर हिमांशु ने आउट किया। वहीं, प्रशांत चौधरी ने मात्र 15 गेंदों में 36 रनों की तेज पारी खेलकर टीएसएच ब्लास्टर्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनका विकेट देवांश चौधरी ने लिया। उधर, शुभम ने भी 43 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। कप्तान प्रशांत अवस्थी आठ गेंदों में 20 रन बनाकर देवांश चौधरी की गेंद पर मुकुल यादव को कैच थमा बैठे।
हालांकि शुभम ने 55 गेंदों में चार चौके व पांच छक्के की मदद से नाबाद 73 रन बनाते हुए टीम को 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। सागर शर्मा छह रन बनाकर नाबाद लौटे। टीएसएच ब्लास्टर्स से देवांश चौधरी ने दो, सतनाम सिंह और हिमांशु ने एक-एक विकेट लिया।
इसके बाद खेलने उतरी टीएसएच ब्लास्टर्स के बल्लेबाजों का लगातार दूसरे मैच में भी निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। कप्तान सतनाम सिंह (33 रन), अभिषेक यादव (25 रन), विकास सिंह (15 रन) और शिवम शर्मा (12 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अपना स्कोर दहाई तक नहीं पहुंचा सका।
हालांकि, पिछले मैच से आज के प्रदर्शन में कुछ सुधार दिखा। पहले मैच में केवल एक ही बल्लेबाज दहाई का अंक छू सका था। विजयी गंगा बिठूर से अनमोल पांडेय ने 27 रन देकर चार, अनुज पाल ने दो, प्रशांत चौधरी, विराट जायसवाल, सौरभ सिंह ने एक-एक विकेट लिया। गंगा बिठूर टीम ने तीन मैचों में यह दूसरी जीत हासिल की।