केंद्रीय विद्यालय उद्घाटन समारोह को संबोधित करतीं रीता बहुगुणा जोशी
- फोटो : अमर उजाला
कभी उत्तर प्रदेश में रोजगार देने वाली इंडस्ट्री कम नकल कराने वाली नकल माफिया इंडस्ट्री ज्यादा हुआ करतीं थी, लेकिन योगी सरकार ने नकल बंद कराकर इस इंडस्ट्री पर ताला लगा दिया है। गुरुवार को यूपी के हरदोई जिले में बिलग्राम रोड स्थित मलिहामऊ के पास नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग रीता बहुगुणा जोशी ने ये बात कही।
उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह जिला भी नकल माफियाओं से पहुंच से दूर नहीं था। नकल के बाद परिणामों में पढ़ने लिखने वाले छात्र पीछे रह जाते थे, लेकिन योगी सरकार ने होनहार छात्र-छात्राओं का मनोबल ऊंचा करने का काम किया है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि बस किताबों को मित्र बनाएं और ज्ञान को लक्ष्य। उन्होंने मानव संसाधन मंत्रालय के भविष्य को लेकर किए जाने वाले प्रयासों के बाबत कहा कि एचआरडी भविष्य में देश भर के जितने भी बोर्ड हैं उनका पाठ्यक्रम एक करने वाली है। इससे अंक समान होंगे और प्रतियोगिता में मिलने वाले अंकों में एक समानता आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चार सालों में 103 नए डिग्री कॉलेजों की सौगात दी है। 14 आईआईआईटी, सात आईआईटी का उपहार दिया गया है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत को श्रेष्ठ भारत बनाना है।
सांसद अंशुल वर्मा ने केंद्रीय विद्यालयों के टॉपर्स को विधानसभा भ्रमण कराने की पुरजोर वकालत महिला बाल विकास मंत्री से की। उन्होंने कहा कि भविष्य में जो भी बच्चे टॉपर्स निकलें उन्हें राजनीति के मंदिर विधानसभा की कार्यशैली का भी अनुभव होना चाहिए। पूर्व मंत्री व सपा नेता विनोद सिंह उर्फ पंडित के बयान पर महिला एवं बाल विकास विभाग रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि ऐसे बयान सेना को तोड़ने का काम करते हैं। मौजूदा समय में पूरे देश को एक होना चाहिए।