कानपुर देहात। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को सभी थानों में पुलिस अधिकारियों ने शिकायतें सुनी। अकबरपुर थाना में डीआईजी, डीएम ने एसपी के साथ पहुंच शिकायतें सुनी।
डीआईजी हरीश चंदर ने जमीन संबंधी आए मामलों की शिकायत सुनते हुए मौजूद राजस्व व पुलिस के अधिकारियों से कहा कि वह संयुक्त रूप से टीम के साथ मौके पर जाएं। स्थलीय निरीक्षण कर त्वरित निस्तारण करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को न्याय समय पर मिल सके।
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने शिकायत लेकर पहुंचे अकबरपुर डिग्री कॉलेज के एक छात्र की शिकायत को गंभीरता से सुना। छात्र ने बताया कि उसे अनजान व्यक्ति ने काल कर बताया कि वह साइबर थाने से बोल रहा है। छात्र को अश्लील वीडियो भेजने की बात कह डराया। छात्र ने बताया कि उसकी परीक्षा थी वह छोड़ कर शिकायत करने पहुंचा। एसपी ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही साइबर जागरूकता को लेकर लोगों को जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम अकबरपुर, सीओ अकबरपुर संजय वर्मा आदि रहे।