इटावा। चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। बीते एक माह में करीब 10 से अधिक वारदात हो चुकीं हैं। छोटी-बड़ी चोरियां मिलाकर 50 लाख से अधिक के माल पर चोरों ने इसी माह हाथ साफ किया है। हैरत की बात यह है कि पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
चोरी की सबसे अधिक वारदातें थाना जसवंतनगर, बकेवर व इकदिल में हुई हैं। चोरों ने उन घरों को निशाना बनाया जहां गृह स्वामी घर के बाहर था या घर के बाहर सो रहा था। चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले इन घरों की रेकी की थी ताकि वारदात के वक्त वे पकड़े न जा सकें। उधर, पुलिस एसआर (स्पेशल रिपोर्ट) बनाने से बचती है। लूट, डकैती, हत्या, दुष्कर्म समेत पांच लाख रुपए से ऊपर की चोरी में तैयार होती है। रिपोर्ट दर्ज होने के साथ ही यह रिपोर्ट डीआईजी को दी जाती है। इसके चलते इसकी सख्त मॉनीटरिंग होती है।
-एक जून को थाना जसवंतनगर के जोनई गांव में किसान के घर से 10 लाख की चोरी।
-चार जून को थाना बकेवर के ग्राम इंदौसी में तीन घरों से नकदी के अलावा तीन लाख की चोरी।
-10 जून को थाना बकेवर क्षेत्र के शिवा कॉलोनी में बाइक मिस्त्री के घर से ढाई लाख की चोरी।
-13 जून को थाना इकदिल के इंधौआ गांव में किसान के घर से डेढ़ लाख की चोरी।
-23 जून को थाना इकदिल के प्राथमिक स्कूल वरेला से कीमती सामान चोरी।
-26 जून को थाना जसवंतनगर के जोनई गांव से विधवा के घर से 17 लाख की चोरी।
-29 जून को थाना इकदिल के आंबेडकर नगर में मजदूर के घर से पांच लाख की चोरी।
चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए रात में गश्त बढ़ा दी गई है। खुलासे के लिए टीम लगातार काम कर रही है। इन चोरी की घटनाओं में एक ही गिरोह के शामिल होने की बात सामने आई है। जल्द ही गिरोह के साथियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।
-श्रीश्चंद्र, एसपी देहात