कानपुर। रेलबाजार थानाक्षेत्र में मई में साइबर ठगों ने रिटायर्ड शिक्षक का मोबाइल हैक कर खाते से 3.24 लाख रुपये पार कर दिए। ठगों ने एप के माध्यम से सामान खरीदने का ऑफर देकर पीड़ित को फंसाया था। साइबर सेल की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की।
खपरा मोहाल निवासी रिटायर्ड शिक्षक रवि प्रकाश पांडे के अनुसार 13 मई की रात आठ बजे साइबर ठगों ने कॉल कर ऑफर में सामान खरीदने का लालच दिया। फिर डी मार्ट एप्लीकेशन और फिशिंग लिंक डाउनलोड कराया।
इसके बाद निजी और बैंक डिटेल्स दर्ज करने के बाद ठगों ने तीन नंबरों से उनके पास व्हाॅट्सएप पर एपीके फाइल भेजी। पीड़ित के फाइल डाउनलोड करते ही पूरा फोन हैक हो गया। ठगों ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के क्रेडिट कार्ड से चार बार में 3.24 लाख रुपये पार कर दिए।
घटना के बाद तुरंत बैंक को सूचना कर डेबिट और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करा दिए। पीड़ित के अनुसार साइबर सेल में शिकायत की। रेलबाजार थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि साइबर सेल ने मामले की जांच की। मंगलवार को तहरीर मिलने पर आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई।