औरैया जिले में शनिवार को हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खेत में बने मकान में सोने गए रिटायर्ड हेड कांस्टेबल किसान की रात के समय किन्हीं अज्ञात लोगों ने पीटकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह उनका शव चारपाई में पड़ा पाया गया। किसान के पुत्र ने कुछ करीबियों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, पर अभी तक तहरीर नहीं दी है।
पुलिस भी प्रथम दृष्टतया हत्या का मामला मानकर चल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रामपुर खास के मजरा टढ़वा निवासी नेत्रपाल सिंह (63) पुलिस विभाग से रिटायर्ड होकर खेती करते हैं।
नेत्रपाल सिंह शुक्रवार शाम को घर से खाना खाकर अपने गांव के बाहर स्थित खेत में बने मकान में सोने के लिए गए थे। रात में किसी समय कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनके साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी और शव चारपाई में फेंक गए।
शनिवार को सुबह 7 बजे के करीब उनका पुत्र सर्वेश कुमार जानवर छोड़ने मकान गया तो पिता को चारपाई में मृत अवस्था में पड़ा पाया। सर्वेश ने घटना की सूचना कुदरकोट चौकी इंचार्ज कालीचरण और कोतवाल रामसहाय सिंह को दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुत्र सर्वेश ने कुछ करीबी लोगों पर हत्या किए जाने का शक जाहिर किया है। बिधूना कोतवाल रामसहाय सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर प्रथम दृष्टतया मामला हत्या का है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक नेत्रपाल के तीन पुत्र हैं सबसे बड़ा विनोद, फिर सर्वेश, तीसरे पर राजेश हैं। तीनों किसानी करते हैं।