जीएसवीएम मेडिकल काॅलेज के न्यूरो साइंसेस विभाग की सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर से छेड़छाड़ करने वाले दो इंटर्न छात्रों को तत्काल प्रभाव से हॉस्टल से निष्कासित और इंटर्नशिप से निलंबित कर दिया गया है। 24 घंटे के अंदर दोनों छात्रों को हॉस्टल खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया।
ब्वायज हॉस्टल तीन और चार के अधीक्षकों को आदेश के अनुपालन के संबंध में नोटिस दी गई है। जांच कमेटी गठित की जा रही है। यह कमेटी अभद्रता करने वाले उन चार छात्रों को चिह्नित करेगी जिन्हें सीनियर रेजीडेंट पहचान नहीं पाईं। शुक्रवार देर रात हैलट से राउंड लेकर लौट रहीं सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर के साथ मेडिकल कालेज कैंपस स्थित आडिटोरियम के पास इंटर्न छात्रों ने छेड़छाड़ और अभद्रता की थी। दो इंटर्न छात्रों की पहचान हो गई थी।