कानपुर। आईक्यूएसी एवं आईपीआर सेल की ओर से शनिवार को पीपीएन पीजी कॉलेज में इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट-एंपावरिंग माइंड्स, इग्नाइटिंग नॉलेज विषय पर कार्यशाला हुई। मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सलाहकार प्रो. एचबी सिंह ने भाग लिया।
उन्होंने बौद्धिक संपदा अधिकार, पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क, औद्योगिक डिजाइन और ट्रेड सीक्रेट्स से संबंधित विभिन्न अवधारणाओं, उनके पंजीकरण की प्रक्रिया और व्यावहारिक उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. सिंह ने यह भी बताया कि पेटेंट दाखिल करने की तिथि से 20 वर्षों तक आविष्कारक को उसके नवाचार पर विशेष अधिकार प्राप्त होते हैं, जो अनुसंधान और विकास को प्रोत्साहित करते हैं।
इस दौरान शोधार्थियों ने विषय से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. आभा सिंह और आईपीआर सेल के संयोजक डॉ. एसपी श्रीवास्तव ने किया। संचालन प्रो. सुमन सिंह ने किया। कार्यशाला में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार सिंह, डॉ. मनिंदर अरोड़ा, प्रो. वंदना द्विवेदी, और प्रो. कृष्ण कुमार उपस्थित रहे।