कानपुर। बीसीसीआई की घरेलू प्रतियोगिता कर्नल सीके नायडू अंडर-23 क्रिकेट ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश टीम का दूसरा सत्र बेहद निर्णायक साबित होने जा रहा है। पहले सत्र में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बाद अब यूपी टीम क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार है। ट्रॉफी का दूसरा सत्र 23 जनवरी से शुरू होगा।
दूसरे सत्र से पहले यूपी टीम ने अपनी तैयारियों को धार देने के लिए शनिवार को ग्रीनपार्क और कमला क्लब में ट्रायल मैच खेले। चार दिवसीय अभ्यास सत्र के दूसरे दिन बल्लेबाजी में आदर्श सिंह, स्वास्तिक चिकारा, रितुराज शर्मा, समीर रिजवी, मोहम्मद अमान और शिवांशु यादव ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं गेंदबाजी में अब्दुल रहमान, विजय कुमार, शुभम मिश्रा, कार्तिक यादव और रितुराज समेत अन्य गेंदबाजों ने अपनी सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को मुश्किल में डाला।
इलीट ग्रुप-डी में उत्तर प्रदेश ने पहले सत्र में तीन मुकाबले खेले, जिनमें एक जीत और दो हार के साथ टीम 21 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। इस ग्रुप में कर्नाटक 28 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश 23-23 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। ऐसे में यूपी के लिए दूसरे सत्र के सभी तीन मुकाबलों में बड़ी जीत हासिल करना जरूरी हो गया है।
पहले सत्र में लड़खड़ाया यूपी का अभियान
उत्तर प्रदेश ने पहले सत्र की शुरुआत हिमाचल प्रदेश के खिलाफ एक विकेट से जीत के साथ की थी लेकिन इसके बाद टीम की लय बिगड़ गई। दूसरे मुकाबले में कर्नाटक ने यूपी को 75 रन से शिकस्त दी, जबकि तीसरे मैच में रेलवे ने 126 रन से हराकर यूपी की राह मुश्किल कर दी।
छत्तीसगढ़ के खिलाफ होगा दूसरे सत्र का आगाज
दूसरे सत्र में उत्तर प्रदेश का पहला मुकाबला 23 से 26 जनवरी तक भिलाई में छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेला जाएगा। इसके बाद 30 जनवरी से दो फरवरी तक रामनगर (उत्तराखंड) में यूपी का सामना उत्तराखंड से होगा। वहीं, अंतिम लीग मुकाबला छह से नौ फरवरी तक उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के बीच खेला जाएगा। अब यूपी टीम की नजरें लगातार तीन जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह सुनिश्चित करने पर टिकी हुई हैं।