कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर किया जाएगा। समारोह के तहत 25 और 26 जनवरी को कैंपस के विभिन्न विभागों की ओर से विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि 25 जनवरी को स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स की ओर से चित्रकला, रंगोली और शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इनमें परिसर के स्नातक और परास्नातक स्तर के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। 26 जनवरी को वंदे मातरम् गायन व कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की ओर से ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर के सुरक्षा कर्मियों और एनसीसी इकाइयों की ओर से प्रशासनिक भवन से वीरांगना लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह तक मार्च पास्ट निकाला जाएगा।
समारोह के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी, ड्रोन प्रदर्शन, फ्लैग एरिया प्रतियोगिता और झांकी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें एनएसएस इकाइयों और संबद्ध महाविद्यालयों की भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। समारोह के समापन पर कुलपति द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। श्रेष्ठ झांकी प्रस्तुत करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। (ब्यूरो)