कानपुर। अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके परिवार के असलहा लाइसेंस की जांच चल रही है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर बनी तीन सदस्यीय कमेटी पुराने दस्तावेज खंगाल रही है। पंजाब प्रशासन और पंजाब पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है। कमिश्नरी पुलिस इस मामले में विधिक राय लेने की भी तैयारी कर रही है।
अधिवक्ता सौरभ भदौरिया ने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि अखिलेश दुबे और उसके भाइयों के असलहा लाइसेंस पंजाब के लुधियाना और पटियाला के गलत पतों पर बनाए गए हैं। उन्होंने सभी असलहा लाइसेंस निरस्त करने की मांग की थी। पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से जांच चल रही है। इसमें एडीएम सिटी, केडीए सचिव और एसीपी बाबूपुरवा शामिल हैं।
स्टाफ ऑफिसर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि असलहा लाइसेंस मामले की जांच जारी है। पंजाब पुलिस और प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है। इस संबंध में विधिक राय भी ली जाएगी।