फर्रुखाबाद प्रशासन पर कोरोना मरीजों को छिपाने के षड्यंत्र की फेसबुक पर पोस्ट डालने पर भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के भतीजे राहुल राजपूत और प्रतिनिधि दिलीप कुमार भरद्वाज के खिलाफ महिला दरोगा ने मुकदमा दर्ज कराया है। फेसबुक पर पोस्ट प्रतिनिधि ने डाली थी और भतीजे ने कमेंट किया था।
साइबर क्राइम ब्राच की जांच में खुलासा हुआ है। फतेहगढ़ कोतवाली की दरोगा सीमा पटेल ने सांसद के भतीजे राहुल और प्रतिनिधि दिलीप के खिलाफ कोरोना के संबंध में फेसबुुक पर पोस्ट डालकर जनता में भय व्याप्त करने का मुुकदमा दर्ज कराया है।
6 मई को दिलीप ने फेसबुक पर स्क्रीन शॉट डाला था, जिसमें लिखा था कि तकीपुर का सिपाही कोरोना मरीज होने से मचा हड़कंप, फर्रुखाबाद जिला प्रशासन का स्पष्ट षड्यंत्र है। साथ ही कोरोना के पांच मरीजों को छिपाने की पोस्ट डाली गई। डीएम के आदेश पर दरोगा सीमा को मामले की जांच सौंपी गई थी।
उन्होंने साइबर क्राइम की जिला ब्रांच से रिपोर्ट मांगी थी। साइबर क्राइम ब्रांच ने रिपोर्ट में राहुुल और दिलीप के नाम उजागर किए हैं। दरोगा ने बताया कि कई अन्य लोगों ने भी लाइक किया, पर अपराध की श्रेणी में वह लोग आते हैं जो पोस्ट डालते या उस पर कमेंट करते हैं।
उधर, सांसद प्रतिनिधि दिलीप भारद्वाज ने बताया कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, इसका उन्हें अभी पता चला, लेकिन वह बात पर अभी भी कायम हैं, जो उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट डाली है। जिले की सभी सीमाएं सील हैं।
इसके बाद भी एक कोरोना संक्रमित सिपाही अपने परिवार के साथ बाइक से अपने घर आ जाता है और रात को ही बाइक से वापस कानपुर भी चला जाता है, तो इसे क्या कहा जाएगा। सांसद के भतीजे राहुल राजपूत ने भी कहा कि उन्होंने जो फेसबुक पर कमेंट किया है, उस पर वह कायम हैं।