राजपुर। कन्हैया नगर में युवती की मौत के मामले में मां ने चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट कर जांच शुरू की है।
राजपुर के कन्हैया नगर में मंगलवार को जावेद अख्तर की बेटी मौसमां (19) का शव घर के कमरे में छत के कुंडे पर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला था। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए युवती की मां रेशमा ने पुलिस तहरीर दी। आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी की शादी डेरापुर निवासी (हाल मुकाम महरौली दिल्ली) रसीद के बेटे अकमल से तय हुई थी। कुछ समय बाद कहासुनी होने पर रिश्ता तोड़ दिया।
उसके बाद से अकमल व उसके रिश्तेदार महरौली दिल्ली निवासी सगीर, मुस्तकीम व बख्तियार बेटी को फोन पर धमकियां देकर तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे। जिससे आहत होकर बेटी ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मामले में राजपुर थानाध्यक्ष कालीचरन ने बताया कि अकमल, बख्तियार, सगीर व मुस्तकीम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।