यूपी के औरैया जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष गीता शाक्य के पति मुकुट सिंह और गीता के भाई और एसडीएम बिधूना के पेशकार राजेश कुमार के खिलाफ फर्जी बैनामा कराकर 31 बीघे जमीन हथियाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने दो दिन पूर्व भाजपा नेता के पति पर आरोप लगाते हुए वीडियो भी वायरल किया था। अब कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के के गड़िया निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय मुंशीलाल मूल रूप से बिधूना कोतवाली क्षेत्र के नगला तिलिया बोझ मौजा गाजीपुर का रहना वाला है। 11 अगस्त को देवेंद्र ने एक वीडियो वायरल किया था। वीडियो में बताया था कि बधूना तहसील के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के मौजा भारामल में उसकी 31 बीघे जमीन है। भाजपा जिलाध्यक्ष गीता शाक्य के पति मुकुट सिंह और गीता के भाई बिधूना थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र बेचेलाल ने 23 अप्रैल 2018 को फर्जीवाड़ा कर जमीन का बैनामा करा लिया। 20-25 दिन पहले एरवाकटरा चकबंदी कार्यालय में इंतखाब लेने के दौरान फर्जीवाड़े का पता चला। इंतखाब में उक्त जमीन किसी देवेंद्र कुमार द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष के पति व भाई राजेश कुमार को बिक्री करने की जानकारी दी गई थी। उसने रजिस्ट्री कार्यालय से बैनामा की नकल निकलवाई।