कानपुर देहात। अकबरपुर नगर पंचायत में एक फर्म को 2.46 करोड़ रुपये का भुगतान कर फर्जीवाड़ा किया गया है। जांच में घोटाले की पुष्टि होने पर ईओ अकबरपुर ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, उनके पति (भाजपा जिला उपाध्यक्ष) समेत पांच लोगों पर घोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत में वर्ष 2019 से वर्ष 2020 तक विभिन्न निर्माण व किराये पर जेसीबी उपलब्ध कराने के लिए कुनॉल कान्ट्रैक्टर को काम मिला। कराए गए कामों व भुगतान में गड़बड़ी के आरोप लगे। दिशा की बैठक में मुद्दा उठा तो समिति बनाकर जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि फर्म ने 34 शौचालय बनाने का दोहरा भुगतान करा लिया।
वहीं, जेसीबी के किराये के बतौर 32.90 लाख रुपये का भुगतान पाया। फर्म नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योतिष्ना कटियार के भतीजे राहुल कटियार व ममेरे भाई विवेक कुमार आदि की है। इस फर्म को कुल 2 करोड़ 46 लाख 80 हजार 542 रुपये का अनियमित भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई।
शासकीय धन के दुरुपयोग में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योतिष्ना कटियार व उनके पति महेंद्र कटियार के शामिल होने और सांठगांठ कर लाभ प्राप्त करने की बात सामने आई।
मामले में 27 मई को एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इस पर ईओ अकबरपुर आशीष कुमार ने शुक्रवार को तहरीर दी। अकबरपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि ईओ की तहरीर पर अकबरपुर के शंकर दयाल नगर निवासी ज्योतिष्ना कटियार, उनके पति महेंद्र कटियार, कुनाल कान्ट्रैक्टर फर्म के प्रोप्राइटर बनवारीपुर मुबारकपुर सिकंदरा निवासी राजाराम, इसी गांव के विवेक कुमार व उरसान डेरापुर निवासी राहुल कटियार पर आपराधिक विस्वासघात की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना देवनारायण द्विवेदी करेंगे।
-पूर्व में हुई जांच के आधार पर गड़बड़ी पकड़ में आई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
- आशीष कुमार, ईओ अकबरपुर
तत्कालीन सीडीओ की गठित टीम की जांच में खुली गड़बड़ी
दिशा की बैठक में मुद्दा उठने पर तत्कालीन सीडीओ ने जांच समिति बनाई थी। जांच समिति ने 27 फरवरी 2021 को रिपोर्ट दी। इसमें वित्तीय गड़बड़ी व शासकीय धन का दुरुपयोग होना पाया गया। वहीं, एडीएम प्रशासन की 29 जनवरी 2025 की जांच आख्या में 34 लाभार्थियों को शौचालय निर्माण में दो बार लाभ प्रदान करने और 2.72 लाख रुपये का फर्म को भुगतान करने की बात सामने आई। फर्म के पंजीकरण बिना नवीनीकरण कार्य आवंटन की पुष्टि हुई। ईओ आशीष कुमार ने बताया कि कुनाल कॉन्टैक्टर फर्म नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योतिष्ना कटियार के नाते रिश्तेदार की है। फर्म को नियम विरुद्ध काम दिया गया। अध्यक्ष के नाते रिश्तेदार की फर्म को निविदा नहीं की जा सकती।
-
सरकारी जमीन बेचने में दर्ज है रिपोर्ट
कानपुर देहात। अभिलेख में हेराफेरी कर सरकारी जमीन बेचने में तत्कालीन ईओ ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व उनके पति पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अकबरपुर नगर पंचायत के तत्कालीन ईओ प्रदीप पांडेय ने तहरीर दी थी। इसमें शंकरदयाल नगर निवासी हरीशंकर के शिकायती पत्र को आधार बनाया गया। आरोप लगाया कि नगर में रूरा मार्ग से लगी सरकारी भूमि व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योतिष्ना कटियार व उनके पति महेंद्र कटियार ने बिना खाता नंबर, बिना आराजी नंबर दर्शाए बेच दी। साथ ही तालाब की आंशिक भूमि कागजों में हेराफेरी कर बैनामा व दान पत्र कराकर कब्जा कर लिया। जबकि कई गाटा की भूमि अनुसूचित जाति के लोगों से बिना डीएम की अनुमति खरीदी। पुलिस ने 14 अगस्त 2024 को रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में पुलिस विवेचना कर रही है। (संवाद)