फर्जी फर्म के कागज बनवाकर लोडर से ले जा रहे थे
- राज्य कर अधिकारी ने फर्जीवाड़ा पकड़े जाने पर सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। फर्जी फर्म के प्रपत्र बनाकर 350 बोरी सुपाड़ी ले जाने के मामले में राज्य कर अधिकारी ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें राजस्थान के धौलपुर में एक वाहन स्वामी और दिल्ली, ग्वालियर के पते पर दर्ज फर्मों के मालिकों के नाम पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राज्य कर अधिकारी ने दी गई तहरीर में बताया कि 26 सितंबर को मथुरा स्थित रहपुरा जाट में चेकिंग के लिए एक वाहन को रोका गया था और जांच के लिए सचल दल टीम वाहन को फिरोजाबाद कार्यालय ले आई थी। आगे की कार्रवाई के लिए इटावा इकाई को वाहन सौंपा गया था। वाहन में 35 बोरी खड़ी सुपारी लोड मिली। वाहन चालक ने बताया कि उसने माल दिल्ली में ट्रांसपोर्टनगर से किया था। बताया कि 26 सितंबर को नौ बजे दिल्ली से ग्वालियर के लिए चला था। चालक की ओर से दिखाई गई बिल्टी, बिल व ई-वे बिल की जांच की गई तो पाया गया कि एमएस ट्रेडर्स भगत सिंह कॉलोनी करौल नगर नई दिल्ली के पते पर पंजीकृत है, जबकि माल ट्रांसपोर्टनगर से लोड किया गया। फर्म के मुख्य व्यापार स्थल से दिल्ली ट्रांसपोर्टनगर तक माल लाने के कोई साक्ष्य नहीं दिखाए जा सके। इस पर माल खरीदने और बेचने वाली दोनों फर्म की भी जांच कराई गई। जांच में पता चला कि इस तरह की कोई भी फर्में हैं ही नहीं। इस पर राज्य कर अधिकारी अनीश अरोड़ा ने वाहन मालिक महेश च्रंद्र निवासी धौलपुर राजस्थान, एमएन ट्रेडर्स के नाम पर दर्ज नाम महेश नायक निवासी नई दिल्ली, गुप्ता एंटरप्राइजेज की फर्म मालिक कामिनी गुप्ता निवासी मध्यप्रदेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।