फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज में हमले में घायल मौरंग कारोबारी की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र, भतीजे, सांसद प्रतिनिधि समेत छह नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सांसद के प्रतिनिधि पर पति पर चाकू से हमला करने और समर्थक पर फायर करने का आरोप लगाया है। एक समर्थक का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। सांसद ने थाने पहुंचकर बगैर जांच किए रिपोर्ट दर्ज करने पर विरोध जताया।
बाद में सांसद के समर्थक की तहरीर पर मौरंग कारोबारी समेत तीन के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के पांचाल घाट निवासी मुधबाला सिंह पत्नी विक्रांत राजपूत उर्फ राना सरकार ने भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र अर्पित राजपूत, भतीजे राहुल राजपूत, प्रतिनिधि रजनेश राजपूत, प्रदीप राजपूत व थाना कंपिल के गांव कुतुबुद्दीनगर निवासी सेक्टर अध्यक्ष शिवकुमार, अंकज राजपूत व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप लगाया कि पति कार से शनिवार को कन्नौज से छिबरामऊ-जहानगंज मार्ग होते हुए बघार नाला स्थित मौरंग-गिट्टी की दुकान पर जा रहे थे। इस दौरान छिबरामऊ से दो कार व बाइकों पर सवार लोग पति का पीछा करने लगे। जहानगंज थाने के गांव महरूपुर खार के पास पति की कार को ओवरटेक कर रोक लिया।