कानपुर। कोहरे का हवाला देकर रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द कर दी इनकी जगह अलग-अलग समय पर इन्हीं मार्गों पर विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनका किराया भी 30 फीसदी बढ़ा दिया है। कानपुर से दिल्ली का स्लीपर का किराया लगभग 290 रुपये है। वहीं स्पेशल ट्रेन का किराया 320 रुपये रखा गया है। इसी तरह, कानपुर से मुंबई का किराया 590 रुपये है। स्पेशल का किराया करीब 620 रुपये के आसपास है। इसके बाद भी यह ट्रेनें विलंब चल रही हैं।
सर्दी के मौसम में कोहरा शुरू होने से दो माह पहले ही उत्तर-मध्य रेलवे की ओर से 13 अक्तूबर को नोटिफिकेशन जारी कर कई नियमित ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था। साथ ही कई के फेरे भी घटा दिए। सबसे ज्यादा मार भागलपुर, आनंद विहार टर्मिनल, गोरखपुर और मुंबई की ट्रेनों पर पड़ा है। इसके विपरीत जिन रूटों पर नियमित ट्रेनें रद्द की गईं उन्हीं पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनका किराया भी 30 प्रतिशत तक अधिक है। बढ़े हुए किराये पर उनको ट्रेनों में कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलती है। साथ ही स्पेशल ट्रेनें लगातार लेट लतीफी का शिकार हो रही हैं। रेलवे को भागलपुर से दिल्ली तक रेलवे को एक स्पेशल ट्रेन में लगभग एक करोड़ रुपये की आय होती है। वहीं यदि सामान्य ट्रेन की बात की जाए तो यह 70 लाख रुपये ही आय होगी। इस हिसाब से रेलवे पूरा खेल आय बढ़ाने के लिए कर रहा है।
ये ट्रेनें की गई हैं निरस्त
सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 12595 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक दिसंबर से 12 फरवरी 2026 तक, 12596 आनंद विहार-गोरखपुर दो दिसंबर से 13 फरवरी तक निरस्त है। इसके अलावा सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 22406 आनंद विहार-भागलपुर तीन, दस, 17, 24, 31 दिसंबर और सात, 14, 21, 28 जनवरी, चार, 11, 18, 25 फरवरी को निरस्त की गई है।
चलाई गई स्पेशल ट्रेनें
04157 सीएनबी-एलटीटी स्पेशल, 03438 आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल, 05057 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, 05563 व 05564 दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल जैसी कई मार्गों पर विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।
वर्जन
कोहरे में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ता है इसलिए रद्द की जाती हैं जबकि विशेष ट्रेनें लोड होने पर चलाई जाती हैं। इसका निरस्तीकरण से कोई मतलब नहीं होता है। - शशिकांत त्रिपाठी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर-मध्य रेलवे
कोहरे में आधा दर्जन ट्रेनें 46 घंटे तक लेट
कानपुर। कोहरे की मार से ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ रही है। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्पेशल ट्रेनों के साथ तेजस राजधानी भी देरी से चल रही हैं। रविवार को आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें 46 घंटे तक देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन आईं। रविवार को 06530 गोमतीनगर-एसएमवीटी बंगलूरू स्पेशल 46 घंटे, 04152 मुंबई एलटीटी-कानपुर सेंट्रल स्पेशल 20 घंटे, 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल 06:30 घंटे, 20818 भुवनेश्वर तेजस राजधानी छह घंटे, 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल पांच घंटे, 15733 फरक्का एक्सप्रेस चार घंटे, 02570 दरभंगा स्पेशल छह घंटे, 12302 हावड़ा राजधानी डेढ़ घंटे, 04116 मुंबई एलटीटी-सूबेदारगंज स्पेशल 16 घंटे, 03310 दिल्ली-धनबाद स्पेशल चार घंटे और 09526 नाहरगुन हापा स्पेशल पांच घंटे देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची। इस लेटलतीफी की वजह से करीब 635 यात्रियों ने टिकट निरस्त कराए। (संवाद)