इटावा। डाक विभाग की रजिस्ट्री सेवा को बंद और स्पीड पोस्ट की दरों में बदलाव किया गया है। हालांकि अभी ग्राहकों को बदले हुए नियमों की जानकारी नहीं है। ऐसे में ग्राहकों व कर्मचारियों के बीच बदली हुई दरों को लेकर नोकझोंक भी हो रही है। बदलाव का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। आधार संशोधन की फीस 50 से 75 रुपये कर दी गई है।
प्रधान डाकघर सहित जिले के अन्य सभी उपडाकघरों में रजिस्ट्री सेवा को बंद कर दिया गया है। अब स्पीड पोस्ट सेवा ही रहेगी। इससे लोगों को डाक भेजने में ज्यादा खर्च करना पड़ा। इधर, आधार संशोधन की फीस भी बढ़ा दी गई है, इससे भी लोगाें की जेब ढीली हो रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार डाकघरों में अब केवल स्पीड पोस्ट की ही सुविधा उपलब्ध होगी। स्पीड पोस्ट में कई बदलाव किए गए हैं। इसे अत्याधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा गया है। हालांकि स्पीड पोस्ट सेवा रजिस्ट्री से महंगी है। लेकिन यह डाक सेवा कोरियर कंपनियों की तर्ज पर ही दी जाएगी। स्पीड पोस्ट का चार्ज वजन व दूरी पर तय किया जाता है। 50 ग्राम तक के पार्सल पर 19 रुपये, 250 ग्राम तक पर 24 रुपये और 500 ग्राम तक के लिए 28 रुपये का भुगतान कर जनपद में कहीं भी भेजा जा सकता है। 200 किमी के दायरे में 50 ग्राम तक के लिए 47 रुपये, 250 ग्राम तक के 59 रुपये, 500 ग्राम के 70 रुपये की दर निर्धारित है।