कानपुर। ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दिल्ली में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। इसमें बुलियन बैंक फ्रेमवर्क बनाकर सोना आयात बिल को घटाने की मांग उठाई ताकि कानपुर समेत देश के 3.5 करोड़ लोगों की आजीविका बची रहे।
फेडरेशन ने कहा कि सोना खरीद को हतोत्साहित करने वाली किसी भी व्यापक अपील का सीधा असर छोटे ज्वैलर्स, सुनारों, कारीगरों, आर्टिजन्स, मैन्युफैक्चरर्स, रिफाइनर्स, हॉलमार्किंग सेंटरों, ट्रांसपोर्टर्स और दैनिक मजदूरी से जुड़े लाखों परिवारों पर पड़ने की संभावना है। सोना आयात बिल को कम करना राष्ट्रीय आवश्यकता है, लेकिन इसका समाधान ज्वैलरी मांग को दबाने में नहीं, बल्कि देश में पड़े निष्क्रिय सोने को उत्पादक अर्थव्यवस्था में लाने में है। देश में एक मजबूत और रेगुलेटेड बुलियन बैंक फ्रेमवर्क बनाया जाए। जिसके माध्यम से घरों, मंदिरों, ट्रस्टों, गोल्ड ईटीएफ आदि को ज्वैलर्स, मैन्यूफैक्चरिंग कंपनियों को उपलब्ध कराया जाए। पंकज अरोड़ा ने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि रखे हुए सोने से राष्ट्रीय उत्पादक संपत्ति के रूप में बदले। राष्ट्रीय महासचिव नितिन केडिया ने कहा कि देश को विदेशी मुद्रा बचाने और आजीविका बचाने में से किसी एक को चुनने की जरूरत नहीं है।