आयुध कंपनी ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड (जीआईएल) ने मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम गगनयान के चालक दल की समुद्र पर सुरक्षित लैंडिंग के लिए एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट इस्टैब्लिशमेंट (एडीआरडीई) के साथ मिलकर रिकवरी पैराशूट का निर्माण किया है। तीन चरणों का ट्रायल भी पूरा हो चुका है।
यह पैराशूट चालक दल की गति को 216 मीटर प्रति सेकेंड से 11 मीटर प्रति सेकेंड कर सुरक्षित लैंडिंग कराएगा। यह जानकारी कंपनी के सीएमडी वीके तिवारी ने कंपनी के जीटी रोड स्थित हेडक्वार्टर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि आयुध पैराशूट निर्माणी (ओपीएफ) को ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड कंपनी बने शनिवार को एक साल हो जाएंगे।
कंपनी ने 2016-17 के बाद मलयेशिया को 20 ब्रेक पैराशूट निर्यात किए हैं। कंपनी ने एक करोड़ से ज्यादा का निर्यात केवल छह महीने में किया है। केन्या को जल्द ही पैराशूट निर्यात किया जाना प्रस्तावित है। कंपनी ने रिसर्च एंड डेवलेपमेंट को बढ़ावा देने के लिए कानपुर और दिल्ली आईआईटी के साथ करार किया गया है।