पतारा कस्बा स्थित प्राचीन बाबा बैजनाथ धाम शिव मंदिर के शिखर पर लगे बेशकीमती कलश को शनिवार रात चोर उखाड़ ले गए। कलश सोने का बताया जा रहा है।
रविवार सुबह मंदिर के शिखर से कलश गायब देखकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। दुकानदारों ने शटर गिराकर विरोध जताया।
दिनभर बाजार बंद रहा। एसओ ने बताया कि पुजारी रवि शंकर पाठक की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाबा बैजनाथ धाम शिव मंदिर के पुजारी रविशंकर पाठक और माली रमाशंकर ने बताया कि रोज की तरह शनिवार रात 8 बजे के आसपास मंदिर में आरती के बाद पट बंद करके अपने घरों को चले गए थे। रविवार सुबह पहुंचे तो देखा कि मंदिर के शिखर का कलश गायब था।
मंदिर के सर्वराकार कुंवर नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिखर के चारों ओर तकरीबन एक क्विंटल से अधिक वजन और तकरीबन साढ़े सात फिट ऊंचा मजबूत सरिया का जाल लगा हुआ था।
चोरों ने जाल को आरी से काटकर शिखर को जाल समेत गिरा दिया और इसके बाद कीमती कलश उठा ले गए।
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घाटमपुर अशोक कुमार सिंह व बिधनू थानाध्यक्ष और आसपास की चौकियों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। दोपहर में डॉग स्क्वायड भी पहुंचा। टीम ने जांच-पड़ताल की लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
घटना के खुलासे की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने घूम-घूमकर बाजार बंद करवा दिया। सभी लोग एक स्वर में चोरों की गिरफ्तारी और कलश वापस लाने की मांग कर रहे थे। कस्बे के बुजुर्गों ने बताया कि कई सदी बाद भी
कलश की की चमक बरकरार रहने से उसके शुद्ध सोने का होने का अनुमान है।
बाबा बैजनाथ धाम शिव मंदिर का परिमाल रासो (आल्हा खंड) में वर्णन मिलने से इसको चंदेल वंशीय राजाओं के समय का बताया जाता है। यहां पर दूर-दूर से लोग पूजा अर्चना को आते हैं।