उत्तर प्रदेश के 35 और उत्तराखंड के सभी जिलों में करेंसी का फ्लो बनाए रखने के लिए शहर स्थित रिजर्व बैंक के करेंसी चेस्ट में एक हजार करोड़ की नई करेंसी पहुंच चुकी है। करेंसी प्रिंटिंग प्रेस मैसूर और नासिक से दो हजार और पांच सौ के नोटों के बंडल आरबीआई की स्पेशल करेंसी वैन से गुरुवार रात यहां पहुंचे। काउंटिंग और अन्य खानापूरी के बाद शुक्रवार सुबह यूपी के 20 बड़े जिलों में करीब ढाई सौ करोड़ की खेप यहां से भेजी गई। शनिवार को छुट्टी वाले दिन भी यहां से करेंसी वैन विभिन्न जिलों के लिए रवाना होंगी।
महीने की शुरुआत में नौकरी पेशा लोगों के खातों में सैलरी पहुंचने के बाद बैंकों में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। करेंसी की किल्लत को कम करने के लिए आरबीआई में करेंसी का फ्लो पहले से चार गुना तक बढ़ा दिया गया है। शनिवार को यहां दो हजार करोड़ की करेंसी पहुंचनी थी, लेकिन गुरुवार रात को ही यहां एक हजार करोड़ रुपये पहुंच गए। शेष एक हजार करोड़ रुपये रिजर्व बैंक के किसी दूसरे करेंसी चेस्ट में भेजे गए हैं। कानपुर में एक हजार करोड़ की अगली खेप अब मंगलवार तक पहुंचेगी। सूत्र बताते हैं कि यूपी और आसपास के राज्यों में करेंसी का फ्लो बेहतर रखने के लिए आखिरी समय यह फैसला किया गया कि एक हजार करोड़ रुपये कानपुर के बजाय कहीं और भेजे जाएं।