घाटमपुर जहरीली शराब कांड (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के घाटमपुर में जहरीली शराब कांड के आरोपी शराब माफिया बसपा नेता योगेंद्र कुशवाहा और दो सगे भाइयों समेत पांच आरोपियों पर रासुका लगाया गया। रासुका लगने से अब इनकी जमानत आसानी से नहीं हो सकेगी।
आठ व नौ मार्च को घाटमपुर के सुखइयापुर, खदरी और भेल्सा में जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की जान चली गई थी। पुलिस मामले में 13 आरोपियों को जेल भेज चुकी है, तीन आरोपी फरार हैं।
एसएसपी अनंत देव के मुताबिक जेल में बंद सराय घाटमपुर निवासी बसपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र कुशवाहा, दरगवा अकबरपुर निवासी उसके साथी सगे भाई अमित उर्फ सोनू यादव व सुमित उर्फ मोनू यादव और बेल्टी सरवन खेड़ा गजनेर निवासी रामू परिहार व कोहना सजेती के उपेंद्र सिंह उर्फ रिंकू पर रासुका लगाया गया है। सभी आरोपी शराब की अवैध फैक्ट्री लगाए हुए थे जहां पर मिलावटी शराब बनती थी।