संदलपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को उदयपुर व रायपुर में कैंप लगाकर बुखार से पीड़ित 27 मरीजों के खून का सैंपल लिया। इनकी रैपिड जांच की गई, हालांकि किसी भी मरीज में डेंगू, मलेरिया के लक्षण पाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। सभी को निशुल्क दवाएं वितरित कर जरूरी सलाह दी गई।
बदलते मौसम में वायरल फीवर से लोग परेशान हैं। हर घर में कोई न कोई व्यक्ति बुखार व मौसमी बीमारी की से जूझ रहा है। जानकारी होने पर टीम ने पहुंच कर शिविर लगाया और लोगों की जांच की। सीएचसी हवासपुर के अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि उदयपुर में बुखार से पीड़ित 15 मरीजों व रायपुर में 12 मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर रैपिड जांच की गई, इसमें किसी में भी डेंगू या मलेरिया होने की पुष्टि नहीं पाई गई। सभी का उपचार करते हुए निशुल्क दवाएं वितरित की गई है।
बताया कि मरीजों की स्थिति सामान्य है। किसी भी मरीज में प्लेटलेट्स कम होने या अन्य गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं। ग्रामीणों को घर के आसपास पानी न जमा होने देने, मच्छरदानी का प्रयोग करने और बुखार आने पर सीएचसी पहुंचकर उपचार कराने की सलाह दी गई है। यहां डॉ. दिलीप सक्सेना, एएम शिवम राजावत, फार्मासिस्ट योगेश शुक्ला, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।