फर्रुखाबाद के कंपिल में मछली मारने के विवाद में मधवापुर में दो पक्षों में दिन-दहाड़े ताबड़तोड़ करीब 80 राउंड फायरिंग हुई। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी कई राउंड फायर हुए।
पुलिस नौ लोगों को पकड़कर थाने ले आई। पकड़े गए लोगों के पास से कई अवैध असलहे बरामद हुए। मधवापुर गांव से कुछ दूरी पर सोता है। इसमें सैलाब आने पर पानी भर जाता है। मछलियों की संख्या बढ़ जाती है।
सिरसा निवासी विनोद उर्फ बिन्ना गुरुवार दोपहर बाद अपने दर्जन भर साथियों के साथ बाइकों से खेतों से होते हुए सोता में मछली मारने गया था। खेतों में खड़ी सरसों की फसल को बाइकों से काफी नुकसान हो गया।
मधवापुर के निकट विनोद अपने साथियों के साथ मछली मार रहा था। जानकारी मिलने पर गांव के रामसिंह परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। मछली मारने का विरोध किया तो दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई।