ताखा। शादी का झांसा देकर दो साल तक रिश्तेदार की नाबालिग बेटी से युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी के पिता के मामला संज्ञान में आया तो उसने युवक से शादी के लिए कहा। आरोप है कि इस पर आरोपी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। नाबालिग की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को जेल भेज दिया है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के एक गांव का अनुसूचित जाति का परिवार गुरुग्राम में रहता है। वहां की एक फैक्ट्री में पति, पत्नी और नाबालिग बेटी तीनों काम करते थे। पीड़ित नाबालिग ने बताया कि उसी फैक्ट्री में रिश्तेदारों का बेटा सिद्धार्थ भी काम करता था। आरोप है कि रिश्ते में भाई लगने वाले युवक ने उसे शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने आरोपी से शादी करने की बात कही। इस पर वह इन्कार करने लगा।
आरोप है कि सिद्धार्थ ने उसके पिता से साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने बताया शादी का झांसा देकर सिद्दार्थ ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी सिद्दार्थ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।