कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दुष्कर्म के एक आरोपी का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ से लटकता हुआ मिला। आरोपी युवक का शव मिलने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।
ढाक के पेड़ पर गमछे के फंदे से झूलती मिली लाश
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित खेतों की तरफ एक पेड़ पर युवक की लाश लटकती देखी। मृतक की शिनाख्त गांव के ही अरविंद सिंह उर्फ नन्हें के रूप में हुई।
बुधवार को दर्ज हुई थी दुष्कर्म और गर्भवती करने की FIR
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इसी गांव की रहने वाली एक 19 वर्षीय युवती ने बीते बुधवार को रसूलाबाद थाने पहुंचकर अरविंद सिंह उर्फ नन्हें के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी। युवती का आरोप था कि अरविंद ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रसूलाबाद थानाध्यक्ष एसएन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुला लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और शव के आस-पास से बारीकी से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
थानाध्यक्ष रसूलाबाद एसएन सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी अरविंद उर्फ नन्हें का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला है। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरा है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने कुछ आशंकाएं जताई हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। पीएम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली लिखित तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।