किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने कन्नौज बार एसोसिएशन चुनाव में कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए नामांकन कराया है। जेल अधीक्षक दावा कर रहे वकील पीयूष की पूर्व ब्लाक प्रमुख से मुलाकात हुई। उनके पास चुनाव से संबंधित कोई प्रपत्र नहीं थे। बार एसोसिएशन का चुनाव 18 जनवरी को होगा।
सदर कोतवाली के गांव अड़ंगापुर निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव को किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में 12 अगस्त को जेल भेज दिया गया था। नवाब व उनके भाई नीलू सहित तीन के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिलाधिकारी के आदेश पर नवाब व उनके परिजनों का 17 करोड़ कीमत का होटल व स्कूल कुर्क किया गया था। नवाब सिंह यादव पेशे से वकील भी है। बार एसोसिएशन का 18 जनवरी को चुनाव होना है। सोमवार को जेल से नवाब सिंह यादव की ओर से बार एसोसिएशन के चुनाव में कनिष्ठ सहायक का नामांकन कराया गया है। जिला जेल के अधीक्षक अकरम खान ने बताया कि सोमवार को उनके अधिकृत वकील पीयूष मुलाकात करने के लिए आए थे। उनके पास में चुनाव से संबंधित कोई प्रपत्र नहीं थे। वह एक मुकदमे के संबंध में बात करने के लिए आए थे। वहीं, चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल द्विवेदी ने बताया कि नवाब सिंह यादव ने कनिष्ठ उपाध्यक्ष (प्रथम) पद के लिए जेल से नामांकन दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 18 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।